कानपुर। कानपुर पुलिस को मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। बिधनू थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 219 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और खुफिया सूचना के आधार पर अभियान चलाया गया। संदिग्ध गतिविधियों का पता चलने पर दो कारों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों से बरामद गांजे की खेप, वाहनों और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने का प्रयास जारी है।


