प्रयागराज। सड़क दुर्घटना में मृत अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद के जनाजे में शामिल होने की अनुमति के लिए उसके भाइयों मोहम्मद उमर और अली अहमद ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में पैरोल याचिका दाखिल की है। इस मामले में दोपहर करीब 12 बजे सुनवाई होने की संभावना है।
याचिका में दोनों ने अपने भाई के अंतिम संस्कार (जनाजे) में शामिल होने की अनुमति देने की मांग की है। यदि हाईकोर्ट पैरोल याचिका स्वीकार करता है, तो दोनों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच जनाजे में शामिल होने की अनुमति मिल सकती है।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद उमर वर्तमान में लखनऊ जेल में बंद है, जबकि अली अहमद झांसी जेल में निरुद्ध है। दोनों को अदालत के आदेश के बाद ही अस्थायी रिहाई या पुलिस अभिरक्षा में ले जाने का निर्णय लिया जाएगा।
उधर, आबान अहमद को आज शाम 4 बजे प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कब्रिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।


