भाई से मिलने जाते समय डिवाइडर से टकराई कार,आखिरी शब्द- मुझे बचा लो
झांसी/प्रयागराज। माफिया से नेता बने अतीक अहमद के परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद (21) की गुरुवार को झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसका दोस्त सोनू भी जान गंवा बैठा, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार अबान सुबह प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली से मिलने जा रहा था। पूंछ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद सभी लोग कार में फंस गए, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे से पहले कार के सामने अचानक एक जानवर आ गया था। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ा, जिससे कार डिवाइडर से जा टकराई। वहीं, घायल युवक ने पुलिस को बताया कि सड़क पर पड़ी ईंट के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंभीर रूप से घायल अबान ने बाहर निकालते समय “मुझे बचा लो” कहा, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। उसके सिर में गंभीर चोटें आई थीं। हादसे में मारे गए दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। कार से कुछ निजी सामान और पुस्तकें भी बरामद हुई हैं। हादसे की वास्तविक वजह जानने के लिए जांच जारी है।
अबान, अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा था। इससे पहले वर्ष 2023 में उसका भाई असद झांसी में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था, जबकि अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की प्रयागराज में पुलिस अभिरक्षा के दौरान हत्या कर दी गई थी। अतीक के दो बेटे उमर और अली फिलहाल अलग-अलग जेलों में बंद हैं।


