कमालगंज (फर्रुखाबाद)। थाना कमालगंज क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक 11 वर्षीय छात्र को कथित रूप से अगवा करने के प्रयास का मामला सामने आया है। छात्र की सूझबूझ और साहस के चलते वह आरोपितों के चंगुल से निकलकर सुरक्षित घर पहुंच गया। घटना के बाद परिजनों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला गांधी नगर निवासी शोभा गुप्ता, पत्नी संदीप गुप्ता, ने थाना कमालगंज में दी गई तहरीर में बताया कि उनका 11 वर्षीय पुत्र रौनक गुप्ता याकूतगंज स्थित डॉ. वी.पी. अग्रवाल स्कूल में कक्षा चार का छात्र है। गुरुवार दोपहर करीब 2:25 बजे वह स्कूल बस से पंजाब नेशनल बैंक के पास उतरा और गुड्डन गुप्ता की मार्केट से होकर अपने घर जा रहा था।
आरोप है कि इसी दौरान मार्केट में मौजूद दो अज्ञात युवक, जिन्होंने काली शर्ट, भूरे रंग का लोअर पहन रखा था तथा चेहरे पर सफेद रुमाल बांध रखा था, ऑरेंज रंग की केटीएम बाइक पर सवार थे। तहरीर के अनुसार, एक युवक बाइक से उतरा और दूसरे ने कहा, “रुमाल मुंह पर लगाओ।” इसके बाद युवक ने रौनक का हाथ पकड़कर उसे खींचने का प्रयास किया।
बताया गया कि रौनक ने हिम्मत दिखाते हुए अपना हाथ छुड़ाया और दौड़कर सीधे घर पहुंच गया। उसने पूरी घटना परिजनों को बताई, जिसके बाद उसकी मां शोभा गुप्ता थाने पहुंचीं और पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी रामसहाय ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी ने घटना के संबंध में संदिग्ध व्यक्तियों या बाइक को देखा हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। घटना के बाद इलाके में अभिभावकों के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
11 वर्षीय छात्र को अगवा करने का प्रयास, सूझबूझ से बचकर घर पहुंचा मासूम


