पैतृक घर पर कुर्की नोटिस, 34 दिन में भुगतान नहीं हुआ तो होगी नीलामी
शाहजहांपुर। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव एक बार फिर कानूनी और आर्थिक मुश्किलों में घिर गए हैं। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने शाहजहांपुर स्थित उनके पैतृक घर पर 16.61 करोड़ रुपये के बकाया लोन को लेकर कुर्की का नोटिस चस्पा किया है। बैंक ने स्पष्ट किया है कि यदि 34 दिनों के भीतर बकाया राशि जमा नहीं की गई तो 9 सितंबर को संपत्ति की नीलामी की जाएगी।
यह लोन मुंबई शाखा से राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी के नाम पर लिया गया था। बैंक अधिकारियों के अनुसार, ऋण लंबे समय से बकाया है। हालांकि नोटिस लगाए जाने के कुछ देर बाद ही परिवार के लोगों ने उसे हटा दिया।
राजपाल यादव के बड़े भाई श्रीपाल यादव ने कहा कि मामला पुराना है और बैंक से भुगतान को लेकर बातचीत चल रही है। उनका दावा है कि स्थिति जल्द सामान्य हो जाएगी और नीलामी की नौबत नहीं आएगी।
गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने चेक बाउंस के सात मामलों में राजपाल यादव को तीन महीने की जेल की सजा सुनाई थी। यह विवाद उनकी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए लिए गए कर्ज से जुड़ा है। फिल्म फ्लॉप होने के बाद ऋण समय पर नहीं चुकाया जा सका, जिसके चलते चेक बाउंस के कई मामले दर्ज हुए। फिलहाल अभिनेता जमानत पर बाहर हैं।
अब बैंक की कार्रवाई के बाद राजपाल यादव की आर्थिक परेशानियां एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई हैं।


