27.6 C
Lucknow
Tuesday, August 4, 2026

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे डीएम और एसपी, राहत कार्यों का लिया जायजा

Must read

 

रहमानिया इंटर कॉलेज स्थित शरणालय का निरीक्षण, हर समय दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद। जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मंगलवार को सदर तहसील के विकासखंड बढ़पुर अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम बिलावलपुर एवं ग्राम धर्मपुर कटरी के मजरा पंखे नगला का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न, स्वच्छ पेयजल, दवाइयों एवं अन्य आवश्यक सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सभी राहत चौकियां और शरणालय पूरी तरह सक्रिय रहें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नाव, गोताखोर, स्वास्थ्य टीमें और अन्य आवश्यक संसाधन हर समय तैयार रखें।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलभराव, संपर्क मार्गों और राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्वास्थ्य विभाग को जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए नियमित चिकित्सा शिविर लगाने और दवाओं का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पशुपालन विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए चारा एवं उपचार की समुचित व्यवस्था करने को कहा।

रहमानिया इंटर कॉलेज शरणालय की व्यवस्थाएं परखी

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने विकासखंड बढ़पुर स्थित रहमानिया इंटर कॉलेज में बनाए गए अस्थायी शरणालय का निरीक्षण किया। उन्होंने संभावित रूप से विस्थापित होने वाले लोगों के ठहरने की तैयारियों का जायजा लेते हुए पेयजल, विद्युत, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, भोजन, चिकित्सा सुविधा, महिलाओं और बच्चों की आवश्यक सुविधाओं तथा सुरक्षा प्रबंधों की विस्तार से समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शरणालय में आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण रखा जाए तथा सभी व्यवस्थाएं हर समय सुचारु रहें। साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों को पात्रता के अनुसार विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए शिविर आयोजित किए जाएं और बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए उन्हें निकटवर्ती प्राथमिक विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जाए।

शरणार्थियों को वितरित की खाद्य सामग्री

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने शरणालय में रह रहे लोगों और बच्चों को अपने हाथों से खाद्य सामग्री वितरित की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शरणालय की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा अफवाहों से बचने की अपील भी की।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मुरलीधर, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी योगेश पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article