लखनऊ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मदरसों को लेकर दिए गए बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि “मदरसा चाहे बांग्लादेश का हो, पाकिस्तान का हो या भारत का, मदरसे अघोषित रूप से आतंकवाद पैदा करते हैं।” उनके इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है।
केशव मौर्य का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश सरकार मदरसा शिक्षा से जुड़े संशोधन प्रस्ताव पर आगे बढ़ रही है। हाल ही में प्रदेश मंत्रिपरिषद ने उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद अधिनियम, 2004 में संशोधन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। ऐसे में उपमुख्यमंत्री के बयान को लेकर राजनीतिक चर्चा और तेज हो गई है।
विपक्ष ने इस बयान को मुद्दा बनाते हुए सरकार पर निशाना साधने की तैयारी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान यह मामला सदन में भी जोर-शोर से उठ सकता है। वहीं, सत्तापक्ष इसे अपनी विचारधारा और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों के संदर्भ में देख रहा है।


