मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के गांव संतोषपुर निवासी 70 वर्षीय बादशाह सिंह की सोमवार सुबह जहरीले कीड़े के काटने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार बादशाह सिंह किसान थे। सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे वह घर के पास स्थित मंदिर पर बंधे पशुओं को चारा डालने जा रहे थे। इसी दौरान मंदिर के पास किसी जहरीले कीड़े ने उन्हें काट लिया। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में उनकी आंखों की रोशनी धुंधली पड़ने लगी और वह बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तत्काल लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जिला अस्पताल राम मनोहर लोहिया से भेजे गए मेमो के आधार पर मदनपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसवीर सिंह ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने घटना की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल को भी दे दी है।
मृतक अपने पीछे पत्नी रानी देवी और चार पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। बड़ी पुत्रियां बबीता देवी और रीना देवी का विवाह हो चुका है, जबकि कामिनी देवी और स्वाती अविवाहित हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।


