35.8 C
Lucknow
Sunday, August 2, 2026

मायावती का बड़ा एक्शन: पूर्व सांसद अशोक सिद्धार्थ और रंधीर सिंह बेनीवाल बसपा से निष्कासित

Must read

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती (Mayawati) ने पार्टी में बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ और पार्टी नेता रंधीर सिंह बेनीवाल को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया है। रविवार को मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी सात बिंदुओं के बयान में दोनों नेताओं पर अनुशासनहीनता, पार्टी के दिशा-निर्देशों की अनदेखी और जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन न करने का आरोप लगाया।

मायावती ने कहा कि अशोक सिद्धार्थ को पहले महाराष्ट्र में टिकट बंटवारे को लेकर समन्वय की कमी के चलते पार्टी से निकाला गया था। बाद में उन्हें एक और अवसर दिया गया और उत्तर प्रदेश की बजाय दूसरे राज्यों में संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

लेकिन कर्नाटक, ओडिशा और पश्चिम बंगाल सहित जिन राज्यों की जिम्मेदारी उन्हें दी गई, वहां भी लगातार अनुशासनहीनता और पार्टी लाइन से भटकने की शिकायतें मिलती रहीं। कई बार चेतावनी देने के बावजूद सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद पहले सभी जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया और अब पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।

बसपा प्रमुख ने यह भी स्पष्ट किया कि अशोक सिद्धार्थ के उत्तर प्रदेश में वापसी की खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी अफवाहें फैलाकर आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी।

मायावती ने रंधीर सिंह बेनीवाल पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में कोऑर्डिनेटर रहते हुए उनके खिलाफ भी लगातार अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं।इसलिए उन्हें भी सभी जिम्मेदारियों से हटाने के बाद पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।

इसके साथ ही मायावती ने स्पष्ट किया कि राज्यसभा सांसद रामजी गौतम को अन्य राज्यों के साथ पंजाब का पुनः प्रभारी बनाया गया है और वे आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव तक अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

बसपा सुप्रीमो ने यह भी घोषणा की कि अब उत्तर प्रदेश के निवासी किसी भी वरिष्ठ पदाधिकारी या कोऑर्डिनेटर को यूपी संगठन की जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी, यदि वह पहले से दूसरे राज्यों में पार्टी का काम देख रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अफवाहों और भ्रामक प्रचार से सतर्क रहने तथा पार्टी विरोधी तत्वों के बहकावे में न आने की अपील भी की।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article