मुंबई: मुंबई के पास भिवंडी (Bhiwandi) इलाके में गुरुवार रात ‘कोहिनूर’ नाम की एक 4 मंजिला रिहायशी इमारत अचानक भरभरा कर गिर गयी। कोहिनूर अपार्टमेंट बी-विंग (Kohinoor Apartment B-Wing) गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद जागी भिवंडी मनपा ने बेहद खतरनाक हो चुकी ए-विंग को कल पूरी तरह ध्वस्त करने का फैसला लिया है। इस हादसे के बाद प्रशासन ने अन्य खतरनाक इमारतों को खाली कराना शुरू कर दिया है, जिससे कई परिवार खुले आसमान के नीचे बेघर होने को मजबूर हैं।
30 जुलाई 2026 की रात लगभग 11:30 बजे कोहिनूर बिल्डिंग का बी-विंग ढहने से 10 लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हुए। इस त्रासदी के बाद अब प्रशासन एक्शन मोड में आते हुए जर्जर घोषित ए-विंग को ध्वस्त करने जा रहा है। इमारत खाली कराने से सैकड़ों लोग बेघर हो गए हैं और मनपा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
वही, दूसरी ओर निजामपुर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की शिकायत पर आखिरकार बिल्डिंग मालिक और कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ केस दर्ज हो गया है। दोनों पर घटिया कंस्ट्रक्शन करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में बिल्डिंग मालिक बिलाल अहमद अबूबकर खान पर बिना कोई जरूरी परमिशन लिए घटिया कंस्ट्रक्शन करने का आरोप लगाया गया है।
भिवंडी महानगरपालिका की टीम कल भारी लाव-लश्कर के साथ ए-विंग को ध्वस्त करने की कार्रवाई करेगी, किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और मनपा अधिकारियों का कड़ा पहरा तैनात किया गया है। वहीं, स्थानीय निवासियों का कहना है कि भिवंडी मनपा वर्षों से नागरिकों की जान के साथ खिलवाड़ कर रही है। इस भीषण हादसे और दर्जनों परिवारों के बेघर होने का असली जिम्मेदार कौन है, इस पर जांच और सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।


