कानपुर। कानपुर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित मैकूपुरवा मोड़ पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के दौरान युवक करीब 10 मिनट तक करंट से खंभे से चिपका रहा, लेकिन मौके पर मौजूद लोग उसे बचाने के बजाय तमाशबीन बने रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर अजय किसी काम से गुजर रहा था, तभी वह करंट प्रवाहित हो रहे बिजली के खंभे के संपर्क में आ गया। तेज करंट के कारण वह खंभे से चिपक गया और काफी देर तक तड़पता रहा। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन कोई भी उसे छुड़ाने का साहस नहीं जुटा सका।
इसी दौरान एक ई-रिक्शा चालक ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह अजय को खंभे से अलग किया और तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद अजय को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते करंट की सूचना पर ध्यान दिया गया होता तो एक युवक की जान बच सकती थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के कारण क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही।


