31.5 C
Lucknow
Friday, July 31, 2026

कुइयां डकैती कांड में राजेपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: जेल में बंद आरोपी से पीसीआर पर पूछताछ के बाद लूट का माल बरामद

Must read

 

थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह की रणनीति लाई रंग, बहुचर्चित वारदात की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को मिली अहम सफलता

अमृतपुर

करीब ढाई माह पहले थाना राजेपुर क्षेत्र के गांव कुइयां में हुई सनसनीखेज डकैती और जानलेवा हमले के मामले में राजेपुर पुलिस ने विवेचना के दौरान एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने माननीय न्यायालय से पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) प्राप्त कर जिला कारागार खीरी में निरुद्ध आरोपी सेठ पुत्र बुद्धा निवासी बीबीपुर, थाना इमलिया सुल्तानपुर, जनपद सीतापुर से गहन पूछताछ की। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मुकदमे से संबंधित महत्वपूर्ण लूटा गया माल बरामद कर लिया, जिससे बहुचर्चित डकैती कांड की जांच को नई दिशा मिली है।गौरतलब है कि 17 मई 2026 की रात करीब 2:30 बजे हथियारबंद बदमाशों ने गांव कुइयां निवासी राजेश पाठक के घर धावा बोल दिया था। बदमाशों ने घर में रखी लगभग पांच लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लूट लिया। जब घर के लोगों ने विरोध किया तो बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। राजेश पाठक के भतीजे भानु को तमंचे से गोली मार दी गई, जबकि दूसरे भतीजे वैभव उर्फ लालू पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया।घटना के दौरान ग्रामीणों की सतर्कता और साहस के चलते रिंकू, बृजेश तिवारी, महेश पाठक और सुशील कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने दो बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उनके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से उस समय अवैध तमंचा, कारतूस, लूटी गई नकदी तथा अन्य सामान भी बरामद हुआ था।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना राजेपुर पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश और साक्ष्य संकलन में जुटी रही। इसी क्रम में 30 जुलाई 2026 को न्यायालय से पीसीआर प्राप्त कर जेल में बंद आरोपी सेठ को पूछताछ के लिए पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर दो जोड़ी सफेद धातु की पायल, एक महिला की घड़ी, एक पर्स, आधार कार्ड एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई पूरी की।पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह बरामदगी इस बात का महत्वपूर्ण साक्ष्य है कि आरोपी सीधे तौर पर डकैती में शामिल था। बरामद सामान की पहचान भी कराई जा रही है, जिससे मुकदमे को न्यायालय में और अधिक मजबूती मिलेगी।थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि इस बहुचर्चित कांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष लूटे गए माल की बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article