नाजायज पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, नकदी और घटना में प्रयुक्त कार बरामद, पूछताछ में आरोपियों ने किया अहम खुलासा
फर्रुखाबाद। कादरीगेट थाना पुलिस ने चर्चित अरुण हुड्डा हत्याकांड के खुलासे में बड़ी सफलता हासिल करते हुए हरियाणा निवासी एक आरोपी और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध 32 बोर पिस्टल, मैगजीन, सात जिंदा कारतूस, 3340 रुपये नकद तथा हत्या की घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मारुति सुजुकी फ्रांक्स कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज यमुना प्रसाद के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। कादरीगेट थाना पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी सोनू उर्फ कर्मवीर पुत्र नरेंद्र डागर निवासी ग्राम धतीर, थाना गदपुरी, जिला पलवल (हरियाणा) तथा एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक 26 जुलाई 2026 को मृतक अरुण हुड्डा की पत्नी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सूचना के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी सोनू उर्फ कर्मवीर ने बताया कि घटना के दौरान साहिल ने अरुण हुड्डा को गोली मारी थी। उसने स्वीकार किया कि सह-आरोपी रोहित के कहने पर उसने अपनी कार उपलब्ध कराई थी, जिसका उपयोग घटना में किया गया। आरोपी ने पुलिस के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार, कारतूस, नकदी और बिना नंबर प्लेट की कार बरामद की गई है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी हरियाणा पुलिस से भी जुटाई जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई को थाना प्रभारी कपिल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। टीम में उपनिरीक्षक अरविंद यादव, उपनिरीक्षक हरिकेश कुमार, कांस्टेबल पंकज कुमार तथा सुरेंद्र पाल शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
हरियाणा के आरोपी समेत एक बाल अपचारी गिरफ्तार, अरुण हुड्डा हत्याकांड में कादरीगेट पुलिस को बड़ी सफलता


