फर्रुखाबाद। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, कार्यकुशलता और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
परेड में पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी, यातायात शाखा तथा पुलिस लाइन में नियुक्त पुलिसकर्मी शामिल हुए। पुलिस कर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ एवं चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से दौड़ भी कराई गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण करते हुए अनुशासन एवं नियमों के पालन के संबंध में आवश्यक ब्रीफिंग दी।
परेड समाप्त होने के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर स्थित सीपीसी कैंटीन, डायल-112 कार्यालय, मेस, परिवहन शाखा, बैरक, क्वार्टर गार्ड सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, संसाधनों की उपलब्धता तथा कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश देते हुए एसपी आरती सिंह ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि पुलिस लाइन की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप रहें और पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने सभी कर्मियों को अनुशासन, समयबद्धता और जनसेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिए।
एसपी आरती सिंह ने साप्ताहिक परेड की सलामी ली, पुलिस लाइन का निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश


