रायबरेली: रायबरेली (Raebareli) में उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह (Minister of State Dinesh Pratap Singh) ने आज गुरुवार को राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन पर हमलावर रुख अपनाया। धरने पर बैठे मंत्री ने राहुल गांधी की संसदीय निष्ठा पर गंभीर सवाल खड़े किए और उन्हें ‘क्षेत्र विरोधी’ करार दिया।
दिनेश प्रताप सिंह ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश की चिंता तो सताती है, वे जंतर-मंतर पर भी अपनी राजनीति चमकाते हैं, लेकिन जिस रायबरेली की जनता ने उन्हें वर्षों तक संसद भेजा, वहां के मान-सम्मान और विकास पर वे संसद में ‘मौन व्रत’ धारण कर लेते हैं। मंत्री ने दो टूक कहा कि राहुल गांधी की यह चुप्पी क्षेत्र की जनता के साथ विश्वासघात है।
मंत्री ने राहुल गांधी को घेरते हुए कहा, “अगर राहुल गांधी में रत्ती भर भी रायबरेली के प्रति ईमानदारी होती, तो वे संसद में यहां के विकास की बात करते, लेकिन वे केवल विरोध के लिए विरोध की राजनीति कर रहे हैं।” उन्होंने साफ किया कि राहुल की विश्वसनीयता तभी बढ़ती जब वे वैश्विक मुद्दों के बजाय अपने क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता देते।
प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग करने वाले राहुल गांधी को जवाब देते हुए दिनेश सिंह ने कहा कि देश और प्रदेश में भारत की अस्मिता की रक्षा करने वाली सशक्त सरकारें मौजूद हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि निराधार आरोपों और ओछी राजनीति का जवाब जनता और सरकार दोनों मिलकर देंगे।


