फर्रुखाबाद। अग्निवीर भर्ती की शारीरिक परीक्षा की तैयारी कर रहे 21 वर्षीय युवक की बुधवार सुबह दौड़ पूरी करने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना फतेहगढ़ स्थित स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम की है। मृतक की पहचान राजेपुर थाना क्षेत्र के शेराखार गांव निवासी शिवनारायण के रूप में हुई है। उसने हाल ही में अग्निवीर जीडी की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की थी और अब शारीरिक परीक्षा की तैयारी में जुटा था।
परिजनों के अनुसार, गांव में जलभराव होने के कारण शिवनारायण पिछले छह दिनों से करीब 20 किलोमीटर दूर स्टेडियम जाकर नियमित दौड़ और शारीरिक अभ्यास कर रहा था। बुधवार सुबह भी वह साथियों के साथ दौड़ लगाने पहुंचा था। दौड़ पूरी करने के बाद जैसे ही वह आराम करने बैठा, अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। साथियों ने तत्काल उसे संभालने का प्रयास किया और प्राथमिक उपचार देते हुए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
शिवनारायण की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां बेटे का शव देखकर बेसुध हो गईं, जबकि बड़ा भाई धर्मराज फूट-फूटकर रो पड़ा। परिवार ने बताया कि शिवनारायण तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और सेना में भर्ती होकर परिवार का सहारा बनने का सपना देख रहा था। उसके पिता गुजरात के सूरत में निजी नौकरी करते हैं और घटना की सूचना मिलते ही घर के लिए रवाना हो गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।


