फर्रुखाबाद। कादरीगेट थाना क्षेत्र के अमेठी जदीद में दो बेटियां होने को लेकर एक विवाहिता के साथ कथित रूप से मारपीट कर उसे घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर एक माह के नवजात बच्चे का गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास करने का भी गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद डायल-112 पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पीड़िता साहिमा, पत्नी सकरूद्दीन, ने बताया कि उसका पति अलग रहता है। इसी का फायदा उठाकर उसकी सास शाहनवाज, देवर सरताज, तालीम तथा देवरानी ने दो बेटियां होने को लेकर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटा और घर से निकालने का प्रयास किया।
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसके करीब एक माह के नवजात बच्चे का गला दबाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया। जब उसने बच्चे को बचाने की कोशिश की तो उसके साथ और अधिक मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद घायल महिला ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय पहुंचाया। वहीं, पीड़िता की बेटी आयशा ने भी ससुराल पक्ष पर मारपीट और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता से तहरीर मिलने के बाद साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
दो बेटियां होने पर विवाहिता को पीटकर घर से निकाला, नवजात का गला दबाने का आरोप


