34.7 C
Lucknow
Wednesday, July 29, 2026

कमालगंज में मक्का बेचकर लौट रहे किसान के ₹2.07 लाख गायब, आढ़ती पर लगाकर छिनवाने का आरोप

Must read

फर्रुखाबाद के कमालगंज क्षेत्र में मक्का बेचकर घर लौट रहे एक किसान के ₹2.07 लाख रास्ते में गायब होने का मामला सामने आया है। किसान ने आरोप लगाया है कि रुपये आढ़ती ने अपने पल्लेदारों से छिनवाए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बीबीपुर गांव निवासी किसान अभिषेक कटियार अपने गांव के गल्ला आढ़ती सुनील पाल की आढ़त पर मक्का बेचने गए थे। मक्का की बिक्री के बाद उन्हें ₹2.07 लाख का भुगतान किया गया। किसान का कहना है कि भुगतान लेकर घर लौटते समय रास्ते में उनके रुपये छिन गए, जिसके बाद उन्होंने तुरंत यूपी-112 पर सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसान अभिषेक कटियार तथा आढ़ती सुनील पाल को पूछताछ के लिए थाने ले आई। थाने में किसान ने आरोप लगाया कि भुगतान करने के तुरंत बाद आढ़ती ने अपने पल्लेदारों से रुपये छिनवा दिए। हालांकि, आढ़ती सुनील पाल ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें निराधार बताया। मामले की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सदस्य रिंकू कटियार भी थाने पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया।

थानाध्यक्ष रामसहाय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article