33.7 C
Lucknow
Tuesday, July 28, 2026

रियल एस्टेट कर्मचारी हत्याकांड में रिश्तेदार पर हत्या की साजिश का आरोप, दो लाख रुपए को लेकर चल रही थी रंजिश

Must read

क्रासर
पुलिस हर बिंदुओं पर कर रही जांच, रिश्तेदार रोहित व दो अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया गया मुकदमा
फर्रुखाबाद। थाना कादरीगेट क्षेत्र में हुए चर्चित रियल एस्टेट कर्मचारी अरुण हुड्डा हत्याकांड में जांच के दौरान नया मोड़ सामने आया है। मृतक के परिजनों ने अपने ही रिश्तेदार पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि जमीन के सौदे को लेकर चल रहे विवाद के चलते सुपारी देकर इस वारदात को अंजाम दिलाया गया। पुलिस ने आरोपों के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है।
परिजनों के अनुसार, अरुण और आरोपी के बीच गांव की एक जमीन के लेनदेन को लेकर लगभग दो लाख रुपये का विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण दोनों के संबंध खराब हो गए थे और कई बार कहासुनी भी हुई थी। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते हत्या की पूरी योजना बनाई गई।
बताया गया कि अरुण अपनी पत्नी और बच्चे के साथ वाराणसी से वापस लौट रहा था। यात्रा के दौरान वह रास्ते में कोल्ड ड्रिंक और अन्य सामान लेने के लिए रुका। इसी बीच पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर नजदीक से कई राउंड फायर कर दिए। गंभीर गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हमलावर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
मृतक के परिजनों का दावा है कि वारदात को जिले से बाहर सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया, ताकि आरोपियों को स्थानीय स्तर पर पहचान और गिरफ्तारी से बचाया जा सके। उनका कहना है कि घटना से पहले अरुण की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी और उसकी यात्रा की पूरी जानकारी हमलावरों तक पहुंचाई गई थी।
अरुण फरीदाबाद स्थित एक प्रॉपर्टी एजेंसी में कार्यरत था और कुछ माह पहले ही उसने वहां काम शुरू किया था। चार वर्ष पूर्व उसने हापुड़ निवासी राखी से प्रेम विवाह किया था। उसके परिवार में माता-पिता, पत्नी, एक छोटा बच्चा और छोटा भाई हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
पीड़िता राखी की तहरीर पर थाना कादरीगेट पुलिस ने नामजद आरोपी समेत दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
जब इस संबंध में थाना प्रभारी कादरी गेट कपिल चौधरी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उनकी हिरासत में कोई भी नहीं है और ना ही एसओजी टीम ने अभी तक किसी को पकड़ा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article