लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी का पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समीकरण कमजोर पड़ चुका है और अब पार्टी के सामने अपने पारंपरिक एमवाई (मुस्लिम-यादव) वोट बैंक को बचाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है।
राजभर ने कहा, “अखिलेश यादव को अब अपने विरोधियों से ज्यादा अपनों से लड़ना होगा। पीडीए आपके हाथ से सरक चुका है। अब स्थिति यह है कि एमवाई गठबंधन को बचाने की कोशिश करनी पड़ रही है।”
उन्होंने आगे कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “आपके बॉस राहुल गांधी का पंजा अब ‘एम’ पर झपट्टा मार रहा है। वहीं असदुद्दीन ओवैसी भी आपके अपने बनने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए मित्र, अपनों से सावधान रहिए।”
राजभर के इस बयान को उत्तर प्रदेश की बदलती राजनीतिक रणनीतियों और आगामी चुनावों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश में विभिन्न दल अपने-अपने सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने में जुटे हैं और ऐसे में नेताओं के बीच बयानबाजी भी तेज होती जा रही है।
राजभर का अखिलेश पर तंज, बोले- ‘पीडीए आपके हाथ से सरक चुका, अब एमवाई गठबंधन बचाने की चुनौती’


