सोनभद्र। पशु तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े आर्थिक लेनदेन की जांच अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) करेगा। ईडी प्रयागराज ने सोनभद्र पुलिस से गिरफ्तार पशु तस्करों के बैंक खातों, डिजिटल भुगतान और वित्तीय लेनदेन का पूरा ब्यौरा तलब किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बिहार से पश्चिम बंगाल तक सक्रिय पशु तस्करी गिरोह से जुड़े करीब 20 बैंक खातों में 80 से 100 करोड़ रुपये तक का संदिग्ध लेनदेन हुआ है। इसी आधार पर ईडी ने मनी ट्रेल की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में अब तक 11 पशु तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि 6 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस संबंधित दस्तावेज तैयार कर ईडी को भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।
जांच के अनुसार, यह नेटवर्क सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली और वाराणसी के अलावा बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ है। गिरोह पशुओं की खरीद, परिवहन और स्लॉटर हाउस तक आपूर्ति का संगठित रैकेट चला रहा था।
पुलिस जांच में पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के पंडुआ थाना क्षेत्र निवासी गिरफ्तार आरोपी राजा कुरैशी के बैंक खाते से करीब ढाई करोड़ रुपये के लेनदेन का भी खुलासा हुआ है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार तस्करों से जुड़े बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं, जिनकी अब ईडी गहन वित्तीय जांच करेगी।


