32.1 C
Lucknow
Sunday, July 26, 2026

छात्र प्रदर्शन पर राहुल गांधी ने अमित शाह को लिखा पत्र, पैलेट गन के इस्तेमाल पर उठाए सवाल

Must read

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर 20 जुलाई को दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई पर जवाब मांगा है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर अत्यधिक बल प्रयोग किया गया और कथित तौर पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया, जिसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
राहुल गांधी ने अपने पत्र में कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध करना नागरिकों का अधिकार है और सरकार का दायित्व है कि वह प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या छात्रों के खिलाफ पैलेट गन के इस्तेमाल की अनुमति दी गई थी? यदि हां, तो इसका आदेश किसने दिया? साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि प्रदर्शन के दौरान सादे कपड़ों में मौजूद लोगों की भूमिका क्या थी।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पुलिस कार्रवाई में बड़ी संख्या में छात्र घायल हुए। उन्होंने कहा कि कुछ छात्रों और एक पत्रकार को गंभीर चोटें आईं तथा इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
उधर, दिल्ली पुलिस पहले ही कथित पैलेट गन के इस्तेमाल के आरोपों से इनकार कर चुकी है। राहुल गांधी के पत्र के बाद छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है। विपक्ष इस मामले को संसद में भी उठाने की तैयारी में है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article