कमालगंज (फर्रुखाबाद)। कमालगंज ब्लॉक क्षेत्र में एक कथित पत्रकार की गतिविधियों को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चाएं तेज हैं। स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न वर्गों के लोगों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति अधिकारियों और विभागीय कार्रवाई का भय दिखाकर अवैध धन उगाही कर रहा है। आरोप है कि वह ग्राम प्रधानों के खिलाफ सूचना के अधिकार (आरटीआई) आवेदन लगाने, विकास कार्यों में मिट्टी ढो रहे ट्रैक्टरों के वीडियो बनाने, सोशल मीडिया पर शिकायत और ट्वीट करने की धमकी देकर लोगों पर दबाव बनाता है।
क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि संबंधित व्यक्ति कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मेडिकल कराने के नाम पर तथा थाना प्रभारी के नाम का हवाला देकर लोगों से धन की मांग करता है। आरोप है कि वैध अनुमति और आवश्यक कागजात होने के बावजूद वह यह कहकर परेशान करता है कि “नियम-कायदे कभी पूरे नहीं होते”, जिससे लोग कार्रवाई के डर से समझौता करने को मजबूर हो जाते हैं।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि कथित पत्रकार कमालगंज थाना क्षेत्र में घूम-घूमकर झोलाछाप डॉक्टरों, पैथोलॉजी लैब संचालकों और अन्य छोटे कारोबारियों पर दबाव बनाकर धन उगाही करता है। इन आरोपों को लेकर क्षेत्र में नाराजगी बढ़ती जा रही है और लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो ऐसी प्रवृत्तियों से ईमानदार पत्रकारिता की छवि भी प्रभावित होगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर विधिक कार्रवाई करने की मांग की है।


