38.6 C
Lucknow
Sunday, July 26, 2026

लोहिया अस्पताल से रहस्यमय ढंग से लापता हुआ मरीज

Must read

 

 

तीन दिन बाद भी नहीं मिला सुराग

फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय से भर्ती एक मरीज के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद मरीज का कोई सुराग नहीं लग सका है, जिससे परिजनों में दहशत और चिंता का माहौल है। परिजनों ने थाना कादरीगेट में तहरीर देकर मरीज की तलाश कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार जनपद मैनपुरी के थाना एलाऊ क्षेत्र के ग्राम जटपुरा निवासी निर्भय सिंह पुत्र शिशुपाल सिंह उम्र 40 वर्ष को तेज बुखार की शिकायत होने पर 24 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें इमरजेंसी में रखा गया और बाद में वार्ड नंबर-11 में भर्ती कर दिया गया।
परिजनों के मुताबिक 25 जुलाई की रात लगभग 2:15 बजे के बाद से निर्भय सिंह अचानक अस्पताल से लापता हो गए। जब परिजनों ने उन्हें वार्ड में तलाशा तो वह वहां मौजूद नहीं थे। इसके बाद अस्पताल परिसर, आसपास के क्षेत्रों और परिचित स्थानों पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चल सका।
मरीज के भाई दलबीर सिंह ने थाना कादरीगेट में तहरीर देकर अपने भाई के लापता होने की सूचना दी और शीघ्र तलाश कराने की मांग की। परिजनों का कहना है कि शिकायत दिए जाने के बाद भी अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है, जिससे परिवार बेहद परेशान है।अस्पताल से भर्ती मरीज के इस तरह गायब होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर मरीज वार्ड से कैसे और किन परिस्थितियों में बाहर निकला, यह जांच का विषय है। यदि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गहन जांच की जाए तो मामले की अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं।
इस संबंध में जब थाना कादरीगेट प्रभारी कपिल चौधरी से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि पीड़ित उनसे मिलने नहीं आया है। यदि तहरीर प्राप्त होती है या मामला संज्ञान में आता है तो नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल मरीज का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। परिजन उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगा रहे हैं, जबकि यह घटना अस्पताल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article