लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ डॉक्टरों के तबादले किए हैं। नए आदेशों के तहत विभिन्न प्रमुख अस्पतालों और संस्थानों में नए निदेशकों की नियुक्ति की गई है। इस फेरबदल को स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार डॉ. विवेक गुप्ता को लोकबंधु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय का नया निदेशक बनाया गया है। वहीं डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह को बलरामपुर अस्पताल का निदेशक नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में डॉ. खालिद रिजवान को परिवार कल्याण महानिदेशालय में निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि डॉ. अल्पना रानी को मानसिक रोग अस्पताल, बरेली का निदेशक बनाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग में हुए इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के तहत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यक्षेत्रों में भी बदलाव किया गया है। शासन का उद्देश्य चिकित्सा संस्थानों के प्रशासन को और अधिक मजबूत करना, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाना तथा बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना बताया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के इस निर्णय के बाद प्रदेश के प्रमुख सरकारी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों में नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों ने कार्यभार संभालने की तैयारी शुरू कर दी है।


