प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने निकाला मार्च, कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात
विशेष संवाददाता, यूथ इंडिया
लखनऊ। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में कैंडल मार्च निकाला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए और छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण मार्च निकाला तथा केंद्र सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और आंदोलनकारियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने की अपील की।
कैंडल मार्च को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और बैरिकेडिंग भी की गई। सुरक्षा व्यवस्था के बीच मार्च शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। वहीं पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए।


