कमालगंज थाना क्षेत्र के उबरीखेड़ा रेलवे क्रॉसिंग के पास गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार श्रंगीरामपुर सरैया निवासी श्रवण कुमार पुत्र दयाराम और शिवम पुत्र नंदराम गुरुवार रात करीब 11 बजे गगनी गांव से अपने रुपये लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक उबरीखेड़ा क्रॉसिंग के पास पहुंची, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क पर तड़पते रहे।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस के माध्यम से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कमालगंज लाया गया, जहां डॉ. मानसिंह वर्मा ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जा सकता है।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। थानाध्यक्ष राम सहाय सिंह ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन व चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।


