चिलाका छपट्टी मोहल्ले में मची अफरा-तफरी, समय रहते बिजली बंद होने से टला बड़ा हादसा
कायमगंज/फर्रुखाबाद। नगर में बंदरों का बढ़ता आतंक अब केवल आम लोगों तक ही सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसका असर विद्युत व्यवस्था पर भी पड़ने लगा है। शुक्रवार शाम कायमगंज के मोहल्ला चिलाका छपट्टी में दो बंदरों की आपसी लड़ाई के दौरान बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त होकर पास के एक मकान पर जा टिका। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में किसी बड़े हादसे की आशंका से दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 7 बजे बिजली के खंभे पर कई बंदर उछल-कूद कर रहे थे। इसी दौरान दो बंदरों के बीच लड़ाई शुरू हो गई, जिससे खंभा असंतुलित होकर क्षतिग्रस्त हो गया और सामने बने एक मकान पर गिरकर टिक गया। गनीमत रही कि उस समय कोई व्यक्ति खंभे की चपेट में नहीं आया, अन्यथा गंभीर हादसा हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल रुटोल विद्युत उपकेंद्र को सूचना दी। सूचना मिलते ही अवर अभियंता (जेई) जावेद अहमद अपनी टीम और लाइनमैनों के साथ मौके पर पहुंचे। सबसे पहले सुरक्षा के दृष्टिकोण से ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, ताकि किसी प्रकार का करंट फैलने या दुर्घटना की संभावना न रहे।
इसके बाद विभागीय कर्मचारियों ने युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद क्षतिग्रस्त खंभे को दोबारा खड़ा कर सुरक्षित किया गया और सभी आवश्यक तकनीकी जांच पूरी करने के बाद रात लगभग 8 बजे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पुनः सुचारू कर दी गई।
अवर अभियंता जावेद अहमद ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बंदरों की वजह से शाम करीब सात बजे खंभा गिर गया था, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मरम्मत कार्य तेजी से पूरा कराया गया और एक घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
घटना के बाद मोहल्लेवासियों ने विद्युत विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। वहीं लोगों का कहना है कि नगर में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कई बार बंदरों के कारण बिजली की लाइनों और खंभों को नुकसान पहुंचता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से बंदरों के बढ़ते आतंक पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
बंदरों की लड़ाई से बिजली का खंभा गिरा, घर पर टिका; जेई की तत्परता से एक घंटे में बहाल हुई बिजली आपूर्ति


