दुकान में घुसकर जूतों से मारपीट का आरोप, सीसीटीवी में कैद हुई घटना; पुलिस जांच में जुटी
विशेष संवाददाता | यूथ इंडिया
अमेठी। अमेठी जिले के मुंशीगंज क्षेत्र के मुसवापुर चौराहे पर बकाया 850 रुपये मांगने पर एक दुकानदार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि खुद को भाजपा युवा नेता बताने वाले व्यक्ति ने दुकान में घुसकर उसके साथ जूतों से मारपीट की।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने मुंशीगंज कोतवाली पहुंचकर आरोपित के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, बकाया भुगतान मांगने पर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपित ने दुकान के अंदर घुसकर उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


