प्रयागराज, कौशांबी और लखनऊ में मकान, जमीन व बैंक खातों पर बड़ी कार्रवाई; निगरानी के लिए अधिकारी तैनात
विशेष संवाददाता | यूथ इंडिया
प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद, अशरफ अहमद और शाइस्ता परवीन से जुड़ी अवैध संपत्तियों के खिलाफ प्रयागराज जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 345 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां जब्त करने का आदेश जारी किया है।
प्रशासन के अनुसार, जब्त की जाने वाली संपत्तियों में प्रयागराज, कौशांबी और लखनऊ स्थित मकान, भूखंड, कृषि भूमि तथा 13 बैंक खातों में जमा 113 करोड़ 61 लाख रुपये शामिल हैं। इन संपत्तियों पर पहले गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्की की कार्रवाई भी की जा चुकी थी।
कार्रवाई के तहत झूंसी क्षेत्र की लगभग 123 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि, कटका में शाइस्ता परवीन के नाम दर्ज करीब 81 करोड़ रुपये की जमीन, लखनऊ के भैसोरा क्षेत्र की लगभग 31 करोड़ रुपये की संपत्ति तथा कौशांबी के कोइलहा क्षेत्र की करीब 24 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन भी शामिल है।
जिला प्रशासन ने जब्त संपत्तियों की सुरक्षा और निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए हैं, ताकि इन परिसंपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
प्रशासन का कहना है कि माफिया से अर्जित कथित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


