फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र में फर्रुखाबाद मार्ग पर गांव खिलमिनी के पास मंगलवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। हादसे के बाद पुलिस संभावित वाहन की तलाश में जुटी हुई है और संदेह के आधार पर चार ट्रैक्टरों को थाने लाकर उनके चालकों से पूछताछ की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना नवाबगंज के क्राइम प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान फर्रुखाबाद मार्ग से गुजर रहे चार ट्रैक्टरों को रोककर उनके चालकों से पूछताछ की गई। साथ ही ट्रैक्टरों के दस्तावेज भी जांचे गए, जिसके बाद चारों ट्रैक्टरों को नवाबगंज थाने लाया गया।
बुधवार को भी ट्रैक्टर चालकों से पूछताछ जारी रही। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना में किसी ट्रैक्टर की भूमिका थी या नहीं। इसके अलावा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर उस अज्ञात वाहन की भी तलाश की जा रही है, जिसने बाइक सवार को टक्कर मारी थी।
इस मामले में मोहम्मदाबाद के क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि पकड़े गए चार ट्रैक्टरों के संबंध में फिलहाल उनके पास कोई विशेष जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


