कम्पिल : शादी के पांच वर्ष बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर पलनापुर निवासी बृजेश चंद्र ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री वंदना का विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नोनियमगंज निवासी अनिकेत के साथ किया था। उनका आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति समेत ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर वंदना का उत्पीड़न करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। करीब दस दिन पहले पति अनिकेत ने वंदना के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। घायल अवस्था में वह मायके पहुंची, जहां उसका उपचार कराया जा रहा था। बुधवार सुबह अचानक उसकी तबीयत अधिक बिगड़ गई। स्वजन उसे उपचार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत के बाद मायके पक्ष में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के स्वजनों ने पति सहित ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
दरोगा उमेश यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


