नई दिल्ली। राजधानी में हुए सीजेपी प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कानून-व्यवस्था के उल्लंघन और विभिन्न आरोपों में कार्रवाई तेज कर दी है। अब तक इस मामले में कुल 10 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संसद मार्ग थाना में सबसे अधिक 4 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसके अलावा सीपी (कनॉट प्लेस) थाना में 3 एफआईआर, मंदिर मार्ग थाना और बाराखंभा रोड थाना में एक-एक एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं कर्तव्य पथ थाना में भी एक एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
दिल्ली पुलिस विभिन्न वीडियो फुटेज, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। जिन मामलों में कानून का उल्लंघन सामने आएगा, उनमें नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन के बाद राजधानी के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल एवं अर्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ प्रमुख सरकारी परिसरों और प्रदर्शन संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
सीजेपी प्रदर्शन मामले में अब तक 10 एफआईआर दर्ज, कई थानों में कार्रवाई


