शमशाबाद (फर्रुखाबाद)। शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम रजलामई में जमीन पर रखे ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से एक दुधारू गाय की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना से पीड़ित किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। किसान ने विद्युत विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को शिकायती पत्र सौंपकर आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रजलामई निवासी राजीव कुमार पुत्र रामप्रकाश ने बताया कि वह एक गरीब किसान है और परिवार के भरण-पोषण के लिए पशुपालन पर निर्भर है। उसकी दुधारू गाय ही परिवार की आय का प्रमुख साधन थी। किसान के अनुसार 17 मार्च की दोपहर उसकी गाय गांव में जमीन पर रखे ट्रांसफार्मर के संपर्क में आ गई। ट्रांसफार्मर में करंट होने के कारण गाय गंभीर रूप से झुलस गई और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल सहित संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच-पड़ताल की। प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत मृत गाय का पोस्टमार्टम भी कराया गया, जिससे घटना का विधिवत परीक्षण किया जा सके।
पीड़ित किसान का कहना है कि मृत दुधारू गाय की कीमत लगभग 75 हजार रुपये थी। गाय की मौत से उसके परिवार की आर्थिक स्थिति पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि पशुपालन से होने वाली आय ही परिवार के खर्च का मुख्य आधार थी, ऐसे में इस नुकसान की भरपाई करना उसके लिए संभव नहीं है।
किसान ने आरोप लगाया कि यदि ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थापित किया गया होता और विद्युत विभाग आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करता, तो यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने विभागीय लापरवाही की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की भी मांग की है।
पीड़ित राजीव कुमार ने जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को दिए शिकायती पत्र में अनुरोध किया है कि उसकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए शासन की नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वह अपने परिवार का पालन-पोषण कर सके और हुए नुकसान की कुछ भरपाई हो सके।


