पशु चराने गया था किसान, अचानक दौरा पड़ने से बिगड़ी हालत; सीएचसी राजेपुर में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
अमृतपुर फर्रुखाबाद
थाना क्षेत्र राजेपुर के ग्राम शेराखार में मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। खेत के पास जमा बरसाती पानी में गिरने से 38 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद ग्रामीण भी कुछ समझ नहीं सके। युवक को गंभीर हालत में तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मौत से पत्नी सहित तीन छोटे बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेराखार निवासी इंद्रेश पुत्र नन्हेलाल (38 वर्ष) मंगलवार दोपहर लगभग तीन बजे अपने पशुओं को चराने के लिए खेतों की ओर गए थे। खेत के पास बरसात का पानी जमा था। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह पानी में गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गिरते ही उन्हें अचानक दौरा पड़ा, जिससे वह बेहोश होकर वहीं पड़े रहे।खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीणों ने जब इंद्रेश को अचेत अवस्था में देखा तो तत्काल परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंच गए और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। गांव में पूरे दिन मातम पसरा रहा।ग्रामीणों ने बताया कि इंद्रेश मेहनतकश और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी असामयिक मृत्यु से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी सामान्य बताई जा रही है, ऐसे में कमाऊ सदस्य की मौत ने परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।


