29.3 C
Lucknow
Tuesday, July 21, 2026

16 प्रमुख नालों का डीएम के निर्देश पर निरीक्षण, जल निकासी की जाँच

Must read

16 प्रमुख नालों का डीएम के निर्देश पर निरीक्षण, जल निकासी की जाँच

बारिश के दौरान जलभराव रोकने को नगर पालिका अलर्ट, कचरा हटाने के दिए गए तत्काल निर्देश

फर्रुखाबाद, 21 जुलाई। वर्षा ऋतु के दौरान शहर में जलभराव की समस्या से निपटने और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर नगर पालिका परिषद, फर्रुखाबाद ने नगर क्षेत्र के 16 प्रमुख नालों का स्थलीय निरीक्षण कराया। निरीक्षण में अधिकांश स्थानों पर जल निकासी व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, जबकि कुछ स्थानों पर जमा कचरे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में नामित नोडल अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों ने शहर के छोटे-बड़े कुल 16 प्रमुख नालों का भौतिक सत्यापन किया। इनमें महबूब बक्स से बरगदियाघाट, बस स्टेशन से बरगदियाघाट, भूसा मंडी से पुलमंडी, पक्का पुल से गुड़ड़ी, तलेया फजल इमाम से आईटीआई, रेलवे स्टेशन से ग्राम सम्पुर, बीबीगंज से करबला, पल्ला गल्ला मंडी से पक्का पुल, आईटीआई से नवाबगंज बस स्टैंड, देशराम खां से देवरामपुर रेलवे गुमटी, आवास विकास से मसेनी, भोलेपुर से नगलानी, हाथियाखाना से पुलमंडी, जाफरी से पुलमंडी तथा पी.डी. महिला डिग्री कॉलेज से सिविल लाइन गंगा तक के नाले शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकांश नालों में वर्षा जल का प्रवाह सामान्य एवं निर्बाध पाया गया। हालांकि कुछ स्थानों पर फ्लोटिंग मैटेरियल और कूड़ा-कचरा जमा मिला, जिसे तत्काल हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं सफाई कर्मचारियों को दिए गए।

अधिशासी अधिकारी ने बताया कि नगर पालिका द्वारा सभी प्रमुख नालों की नियमित सफाई कराई जा रही है और बारिश के मौसम में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे नियमित निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था पर नजर बनाए रखें और किसी भी अवरोध की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे नालों में कूड़ा-कचरा अथवा अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालें तथा स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त शहर बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article