रेड अलर्ट जारी; 25 जुलाई तक बरसात के आसार
फर्रुखाबाद। जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है। मंगलवार सुबह हल्की बूंदाबांदी के बाद करीब साढ़े सात बजे तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित रहा। लगातार वर्षा के चलते कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली, जबकि सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही।
मौसम विभाग के अनुसार जुलाई माह में अब तक जिले में 168 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है। हालांकि, इस बार मानसून का प्रदर्शन पिछले वर्ष की तुलना में अभी भी कमजोर है और अब तक करीब 40 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए जिले में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। इसके चलते निचले इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विभाग ने 22 जुलाई के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार 25 जुलाई तक जिले में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों से दूर रहने तथा किसानों से खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।


