लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान की घटनाओं का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश और बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जनहानि अथवा अन्य पात्र मामलों में राहत राशि का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर सहायता मिल सके।
सीएम ने सभी जिलाधिकारियों, पुलिस और राहत एजेंसियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने, जलभराव वाले इलाकों में त्वरित कार्रवाई करने तथा राहत शिविरों, पेयजल, खाद्य सामग्री और चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।
प्रदेश सरकार ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन लगातार हालात की निगरानी कर रहा है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी रखी गई है।


