लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के कौशल विकास और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में एमएसएमई व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास तथा श्रम एवं सेवायोजन विभाग के संयुक्त प्रयास से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर ‘एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ स्थापित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ये केंद्र विश्वस्तरीय स्किलिंग सेंटर के रूप में विकसित किए जाएंगे। यहां युवाओं की रुचि, योग्यता और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन केंद्रों की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को उनकी पसंद और कौशल के अनुसार तत्काल रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। इससे उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल प्रमाणपत्र देना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए पूरी तरह सक्षम बनाना है। इस पहल से स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, निवेश बढ़ेगा और प्रत्येक जिले में रोजगार सृजन की नई संभावनाएं विकसित होंगी।


