लखनऊ। उत्तर प्रदेश की चर्चित 69 हजार शिक्षक भर्ती को लेकर एक बार फिर अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज हो गया है। मंगलवार को आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा परिषद निदेशालय के बाहर प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर जोरदार विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि मामले की सुप्रीम कोर्ट में 21 जुलाई को सुनवाई प्रस्तावित है, लेकिन अब तक संबंधित सूची सर्वोच्च न्यायालय में प्रस्तुत नहीं की गई है। उनका आरोप है कि आवश्यक दस्तावेज समय पर दाखिल न होने से सुनवाई प्रभावित हो सकती है।
अभ्यर्थियों ने सरकार और शिक्षा विभाग से मांग की कि सुप्रीम कोर्ट में समय रहते सभी आवश्यक अभिलेख और सूची दाखिल की जाए, ताकि मामले का शीघ्र और निष्पक्ष निस्तारण हो सके। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन भी सौंपा।
69 हजार शिक्षक भर्ती विवाद लंबे समय से न्यायालय में विचाराधीन है और हजारों अभ्यर्थी अंतिम निर्णय का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में 21 जुलाई की सुनवाई को इस मामले में अहम माना जा रहा है।


