– एक देश में एक ही वोटर लिस्ट होनी चाहिए: ओम प्रकाश राजभर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए इसे देश के विकास के लिए जरूरी पहल बताया। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाले चुनावों से विकास कार्य प्रभावित होते हैं, इसलिए पूरे देश में एक साथ चुनाव कराने पर गंभीरता से विचार होना चाहिए।
राजभर ने कहा, “वन नेशन, वन इलेक्शन एक अच्छी पहल है। विकास के लिए यह मांग जरूरी है। विपक्ष भी पहले इसकी मांग करता था और हमें भी लगा कि जब देश में 18 वर्ष से अधिक उम्र का हर नागरिक वोटर है, तो अलग-अलग वोटर लिस्ट रखने का क्या औचित्य है। पूरे देश में एक ही वोटर लिस्ट होनी चाहिए। इसी सोच के साथ ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के विचार पर चर्चा हो रही है।”
उन्होंने कहा कि यदि लोकसभा, विधानसभा और अन्य चुनाव एक साथ कराए जाते हैं तो चुनावी खर्च में कमी आएगी, प्रशासनिक संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और सरकारें विकास कार्यों पर अधिक ध्यान दे सकेंगी।
‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ को लेकर देशभर में राजनीतिक बहस जारी है। जहां केंद्र सरकार इसे चुनावी सुधार और प्रशासनिक दक्षता से जोड़कर देख रही है, वहीं कई विपक्षी दल इस प्रस्ताव के विभिन्न संवैधानिक और व्यावहारिक पहलुओं पर सवाल उठा रहे हैं। मंत्री ओम प्रकाश राजभर के ताजा बयान ने इस बहस को एक बार फिर राजनीतिक केंद्र में ला दिया है।


