– जेपी नड्डा होंगे मुख्य अतिथि
लखनऊ। राजधानी स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई ) में आज 30वां दीक्षांत समारोह आयोजित होगा। समारोह में विभिन्न चिकित्सा एवं सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों के 279 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। संस्थान में इस अवसर पर भव्य कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी, जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
समारोह के दौरान चिकित्सा शिक्षा, शोध और अकादमिक उत्कृष्टता में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रो. नारायण प्रसाद को ‘बेस्ट फैकल्टी सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और अन्य पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
एसजीपीजीआई का दीक्षांत समारोह चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण आयोजन माना जाता है। इस अवसर पर संस्थान की उपलब्धियों, नई चिकित्सा तकनीकों, शोध कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला जाएगा।
देश के अग्रणी चिकित्सा संस्थानों में शामिल एसजीपीजीआई से हर वर्ष बड़ी संख्या में विशेषज्ञ चिकित्सक और शोधकर्ता तैयार होते हैं। ऐसे में 30वां दीक्षांत समारोह चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।


