नोएडा। थाना फेज-1 पुलिस ने स्पाइसजेट एयरलाइंस में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर नौकरी का झांसा देकर अभ्यर्थियों से सिक्योरिटी मनी और अन्य शुल्क के नाम पर रकम वसूलते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को प्रतिष्ठित कंपनी का प्रतिनिधि बताकर युवाओं को फर्जी जॉब ऑफर भेजते थे। इसके बाद चयन प्रक्रिया, दस्तावेज सत्यापन और सिक्योरिटी मनी के नाम पर उनसे ऑनलाइन भुगतान कराया जाता था। रकम मिलने के बाद आरोपी संपर्क तोड़ देते थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह 200 से अधिक बेरोजगार युवाओं को अपना शिकार बना चुका है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 सिम कार्ड, 8 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप तथा बैंक पासबुक सहित अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।
पुलिस अब बरामद मोबाइल, बैंक खातों और डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक जांच कर रही है, ताकि ठगी के नेटवर्क, लेन-देन और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा सके। यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह का नेटवर्क अन्य राज्यों तक फैला हुआ था या नहीं।
फेज-1 थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही बेरोजगार युवाओं से अपील की गई है कि किसी भी कंपनी में नौकरी के नाम पर मांगी जाने वाली रकम का भुगतान करने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें।


