मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। विकासखंड के गांव दरौदी में पौधारोपण कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण का काफिला रोककर गांव की मूलभूत समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने गांव में विद्यालय, स्ट्रीट लाइट, सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव का मुद्दा उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
ग्रामीणों का कहना था कि लंबे समय से इन समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों से मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने गांव के समग्र विकास के लिए आवश्यक निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद मंत्री असीम अरुण ने उन्हें आश्वस्त किया कि पूरे प्रकरण की जांच मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) से कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमोद कुमार मिश्रा, धर्मेंद्र मिश्रा, शिवम मिश्रा, राजेश यादव, राहुल यादव सहित लगभग 50 ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने एकजुट होकर गांव के विकास और बुनियादी सुविधाओं की मांग को प्रमुखता से उठाया।


