मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शनिवार को कोतवाली मोहम्मदाबाद का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों की जांच, निर्माणाधीन बैरक का निरीक्षण तथा लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने कोतवाली परिसर में सिपाहियों के लिए बनाए जा रहे बैरक का निरीक्षण किया। बैरक में केवल एक प्रवेश द्वार होने पर प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर एक अतिरिक्त गेट बनवाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली परिसर में लंबे समय से खड़े लावारिस एवं मुकदमों से संबंधित वाहनों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। साथ ही अभिलेखों का गहन निरीक्षण कर उनके रखरखाव एवं सत्यापन की भी समीक्षा की।
एसपी आरती सिंह ने सभी चौकी प्रभारियों एवं विवेचकों को निर्देशित किया कि लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ जन शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही सभी अधिकारियों को जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।


