फर्रुखाबाद। बढ़पुर प्रखंड के गांव अमेठी जदीद में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) सेवा विभाग एवं बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ उनका निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाओं का भी निशुल्क वितरण किया गया।
मेडिकल कैंप में करीब 100 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच कर उन्हें बीमारी से बचाव के उपाय बताए और आवश्यकतानुसार दवाएं उपलब्ध कराईं। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर वीएचपी के जिला सेवा प्रमुख पुष्पेंद्र जी ने कहा कि सेवा कार्य विश्व हिंदू परिषद की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। संगठन समय-समय पर जरूरतमंद लोगों के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहता है।
शिविर में बजरंग दल के जिला सहसंयोजक रोहन मिश्रा, आर्यन वर्मा, सिविल अस्पताल लिंजीगंज की डॉ. हीना दास सहित अन्य चिकित्सक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संगठन के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग किया। ग्रामीणों ने मेडिकल कैंप के आयोजन के लिए विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग और बजरंग दल का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविर आयोजित किए जाने की मांग की।
अमेठी जदीद में विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग व बजरंग दल का निःशुल्क मेडिकल कैंप, 100 मरीजों की जांच कर वितरित की गई दवाएं


