– प्रशासनिक अनुमति के बाद ही मिलेगी अनुमति
अयोध्या। राम मंदिर में कथित राम धन (चढ़ावा) गबन प्रकरण को लेकर आयोजित की जाने वाली धर्म सेना प्रमुख संतोष दुबे की प्रस्तावित प्रेसवार्ता को प्रशासनिक अनुमति के अभाव में रोक दिया गया। मामले ने एक बार फिर अयोध्या में चर्चा का विषय बना दिया है।
जानकारी के अनुसार, धर्म सेना प्रमुख संतोष दुबे ने एक होटल में प्रेसवार्ता आयोजित करने की तैयारी की थी। हालांकि होटल संचालक ने प्रशासन की अनुमति का पत्र प्रस्तुत करने को कहा। अनुमति पत्र उपलब्ध न होने पर होटल प्रबंधन ने प्रेसवार्ता के लिए स्थान उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी सार्वजनिक प्रेसवार्ता या बड़े आयोजन के लिए पूर्व अनुमति आवश्यक होगी। प्रशासन की मंजूरी मिलने के बाद ही होटल अथवा अन्य आयोजन स्थल उपलब्ध कराया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, होटल संचालकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि बिना प्रशासनिक अनुमति के किसी भी संवेदनशील विषय से संबंधित प्रेसवार्ता या सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए परिसर उपलब्ध न कराया जाए।
राम मंदिर चढ़ावा गबन प्रकरण को लेकर विभिन्न पक्षों की ओर से लगातार बयान सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में धर्म सेना प्रमुख संतोष दुबे प्रेसवार्ता कर अपना पक्ष रखने वाले थे, लेकिन प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी न होने के कारण कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सका।
फिलहाल प्रशासन की ओर से कहा गया है कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अनुमति प्राप्त होने के बाद ही इस प्रकार के सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।


