लखनऊ। राजधानी स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान ने रोबोटिक सर्जरी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान ने महज 15 महीनों में 500 रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी कर नया रिकॉर्ड बनाया है।
संस्थान के अनुसार, सबसे अधिक 394 रोबोटिक ऑपरेशन यूरोलॉजी विभाग में किए गए हैं। इसके अलावा अन्य विभागों में भी आधुनिक रोबोटिक तकनीक की मदद से जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की जा रही हैं, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार और तेजी से स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है।
रोबोटिक सर्जरी तकनीक में अत्यधिक सटीकता, कम रक्तस्राव, संक्रमण का कम खतरा, छोटे चीरे और मरीज के शीघ्र स्वस्थ होने जैसे कई लाभ मिलते हैं। यही कारण है कि गंभीर और जटिल ऑपरेशन में इस तकनीक का उपयोग लगातार बढ़ रहा है।
लोहिया संस्थान की इस उपलब्धि को प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। संस्थान का लक्ष्य भविष्य में रोबोटिक सर्जरी की सुविधाओं का और विस्तार कर अधिक से अधिक मरीजों को अत्याधुनिक चिकित्सा उपलब्ध कराना है।


