27 C
Lucknow
Wednesday, August 26, 2026

नवाबगंज में पार्सल को लेकर विवाद, डिलीवरी बॉय से मारपीट का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

Must read

नवाबगंज।
थाना क्षेत्र के नगर के मोहल्ला नया गनीपुर में शुक्रवार शाम एक पार्सल की डिलीवरी के दौरान विवाद हो गया। पार्सल में ऑर्डर किए गए सामान की जगह दूसरा सामान निकलने पर कहासुनी शुरू हुई, जिसके बाद डिलीवरी बॉय के साथ हाथापाई किए जाने का आरोप लगाया गया। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के गांव हरदुआ निवासी रणवीर सिंह पुत्र रामबक्स सिंह ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म मीशो कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत हैं। शुक्रवार शाम वह नया गनीपुर मोहल्ले में एक महिला के पते पर पार्सल देने पहुंचे। महिला ने पार्सल प्राप्त कर उसे मौके पर ही खोलकर देखा। आरोप है कि महिला ने साड़ी का ऑर्डर किया था, लेकिन पार्सल में साड़ी के स्थान पर दुपट्टा निकला।
सामान अलग निकलने पर महिला और डिलीवरी बॉय के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने डिलीवरी बॉय रणवीर सिंह के साथ हाथापाई कर दी। खुद को घिरता देख रणवीर सिंह किसी तरह वहां से निकलकर सीधे नवाबगंज थाने पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। डिलीवरी बॉय ने आरोप लगाया कि पार्सल में गलत सामान होने के लिए उसे जिम्मेदार ठहराते हुए उसके साथ अभद्रता और मारपीट की गई, जबकि वह केवल कंपनी की ओर से पार्सल पहुंचाने का कार्य कर रहा था।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article