मेरठ। चर्चित ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर मेरठ में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चन्द्रशेखर आजाद आज थिरोट गांव पहुंचकर पीड़ित ललिता गौतम के परिजनों से मुलाकात करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन भी सतर्क है।
बताया जा रहा है कि चन्द्रशेखर आजाद परिवार को सांत्वना देने के साथ-साथ पूरे मामले की जानकारी लेंगे। हाल के दिनों में न्याय की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज की उन्होंने पहले ही कड़ी निंदा की थी। उनका कहना था कि न्याय की मांग कर रहे लोगों के साथ बल प्रयोग उचित नहीं है और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए।
ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई है।
चन्द्रशेखर आजाद के दौरे को देखते हुए थिरोट गांव और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।
उधर, पुलिस का कहना है कि हत्याकांड और प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं की जांच नियमानुसार की जा रही है तथा मामले में विधिक प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई जारी है।


